सोनभद्र। थाना करमा परिसर में आयोजित थाना दिवस में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पहुंचकर आमजन की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित विभिन्न प्रकरण सामने आए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों से मामलों की जानकारी लेते हुए शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि थाना दिवस में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। भूमि एवं राजस्व से जुड़े जिन मामलों में मौके पर जांच आवश्यक है, उनमें राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर दोनों पक्षों की बात सुने। साथ ही अभिलेखों एवं मौके की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस से संबंधित शिकायतों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना जाए और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डीएम एवं एसपी ने कहा कि थाना दिवस का उद्देश्य महज शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता को न्यायसंगत और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए।
Author: Pramod Gupta
Hello









