राबर्ट्सगंज कचहरी परिसर स्थित एडीआर भवन में संचालित स्थाई लोक अदालत में झिल्ली महुआ निवासी दम्पति को मिला न्याय
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कचहरी परिसर स्थित एडीआर भवन में संचालित स्थाई लोक अदालत में शुक्रवार को सुलह-समझौते के आधार पर एक महत्वपूर्ण मामले का निस्तारण किया गया। अदालत ने झिल्ली महुआ, पोस्ट-नधिरा, थाना-बभनी निवासी दंपति सुरसतिया व रामलखन को बीमा कंपनी से 10 लाख रुपये की धनराशि का चेक दिलवाया।वादी दंपति ने बताया कि उनके पुत्र रामनरेश की 10 सितंबर 2020 को सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। मृतक का एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी में 10 लाख रुपये का पर्सनल एक्सीडेंट बीमा था, जिसकी वैधता 12 जून 2020 से 11 जून 2021 तक थी। सभी दस्तावेज देने के बाद भी कंपनी ने भुगतान से इनकार कर दिया था। इस पर दंपति ने 24 अप्रैल 2025 को स्थाई लोक अदालत में वाद दाखिल किया था। करीब डेढ़ वर्ष बाद अदालत के हस्तक्षेप से सुलह-समझौता हुआ। अध्यक्ष नरेंद्र बहादुर प्रसाद द्वारा दोनों को 5-5 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए।अध्यक्ष नरेंद्र बहादुर प्रसाद ने बताया कि स्थाई लोक अदालत में बिजली, पानी, अस्पताल, परिवहन, बीमा, शिक्षा, डाक, नगर पालिका जैसी जनहित सेवाओं के मामले बिना कोर्ट फीस के सुने जाते हैं। सदस्य नीरज सिंह ने कहा कि यहां मामलों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर होता है। इस अवसर पर सदस्य आशीष मिश्रा, अधिवक्ता अमित वर्मा, जमुना सहित अन्य उपस्थित रहे।









