सोनभद्र। राधिका एंटरप्राइजेज के खनन पट्टे से जुड़े मूल्यवान दस्तावेजों और चेक में कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने खनन कारोबारी इस्तियाक अहमद खान को मुंबई से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें सिविल जज सीनियर डिवीजन एफटीसी कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। बताया गया कि रिंकी श्रीवास्तव की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन सितंबर को इस्तियाक अहमद खान के आवास पर दबिश दी थी। पुलिस कार्रवाई के दौरान वह घर से फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। मामले की जांच के क्रम में पुलिस ने उन्हें मुंबई से गिरफ्तार किया। इस्तियाक को अदालत में पेश किए जाने के दौरान खनन कारोबार से जुड़े लोग भी मौजूद रहे। मामले को लेकर जिला न्यायालय परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
बचाव पक्ष ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
इस्तियाक अहमद खान की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता शेष नारायण दीक्षित ने गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले को कारोबारी विवाद बताया। उन्होंने कहा कि मामला हाईकोर्ट में भी विचाराधीन है और 19 तारीख से पहले इस तरह का दबाव बनाए जाने का कारण समझ से परे है। बचाव पक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस एक पक्ष की मददगार बन रही है। अधिवक्ता ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया के तहत जमानत मांगना आरोपी का अधिकार है और बचाव पक्ष की ओर से जमानत के लिए न्यायालय में मांग की जाएगी। वहीं राधिका एंटरप्राइजेज पक्ष की ओर से अधिवक्ता विकास शाक्य एवं संजीत चौबे ने मामले में पक्ष रखा। इस्तियाक अहमद खान पक्ष से अधिवक्ता शेष नारायण दीक्षित पैरवी कर रहे हैं।
Author: Pramod Gupta
Hello









