सोनभद्र। पिपरी नगर पंचायत के सफाई कर्मियों को सम्मानजनक पहचान देने की दिशा में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब नगर पंचायत के सफाई कर्मियों को ‘स्वच्छता मित्र/दोस्त’ के नाम से संबोधित किया जाएगा। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में पिपरी नगर पंचायत के सफाई कर्मियों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि सफाई कर्मी स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके द्वारा प्रतिदिन किए जाने वाले स्वच्छता कार्य से नगर की स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ होती है और आमजन को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। ऐसे में उनके कार्य को सम्मान और गरिमा के साथ पहचान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अब तक सफाई कर्मियों को अलग-अलग नामों से संबोधित किया जाता रहा है। इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए उन्हें सम्मानजनक और सकारात्मक पहचान प्रदान की जा रही है। ‘स्वच्छता मित्र/दोस्त’ केवल एक संबोधन नहीं, बल्कि सफाई कर्मियों के प्रति सम्मान और सामाजिक गरिमा का प्रतीक होगा।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई कर्मियों को सम्मानजनक संबोधन देने के साथ ही उनकी कार्य-भूमिका के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं एवं सहयोग उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि./रा. वागीश कुमार शुक्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष पिपरी दिग्विजय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









