सोनभद्र। जनपद में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कलेक्ट्रेट सभागार में पांच प्रमुख सीएसआर कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में एनसीएल सिंगरौली, एनसीएल बीना, एनसीएल खड़िया, एनटीपीसी शक्तिनगर एवं एनटीपीसी रिहंद के प्रतिनिधि शामिल हुए। जिलाधिकारी ने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत कंपनियों को भेजे गए विभिन्न जनहितकारी प्रस्तावों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, जिनसे आमजन के जीवन में प्रत्यक्ष एवं सकारात्मक बदलाव आए। उन्होंने प्रस्तावों पर शीघ्र निर्णय लेकर कार्यों को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। बैठक में जनसुनवाई भवन के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण, जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को आयरन किचन किट व आयरनयुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने, बढ़ौली चौराहे के समीप ओपन जिम निर्माण तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को दो एंबुलेंस उपलब्ध कराने के प्रस्तावों पर चर्चा हुई। डीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक आधुनिक चिकित्सकीय उपकरण उपलब्ध कराने के साथ फाइलेरिया प्रभावित रोगियों के रुग्णता प्रबंधन एवं दिव्यांगता की रोकथाम के लिए एमएमडीपी मोबाइल केयर यूनिट की स्थापना को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। शिक्षा क्षेत्र में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराने पर जोर दिया गया, ताकि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।जिलाधिकारी ने कहा कि सीएसआर केवल संसाधन उपलब्ध कराने तक सीमित न रहे, बल्कि जनपद की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप स्थायी और परिणामपरक विकास का माध्यम बने। उन्होंने अधिकारियों एवं कंपनी प्रतिनिधियों को बेहतर समन्वय के साथ प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वि./रा. वागीश कुमार शुक्ला, अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी रमेश मिश्रा, उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, अपर जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह, उद्यमी मिश्र नितिन प्रकाश सिंह सहित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









