सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पटेहरा में बुधवार को 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से खेत और घर के आसपास करंट फैल गया। हादसे में हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया। ग्रामीणों के अनुसार विद्युत तार टूटकर गिरने के बाद घर और खेत के आसपास करंट प्रवाहित होने लगा। इसी दौरान मीरा करंट की चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बिजली विभाग की मदद से विद्युत आपूर्ति बंद कराकर टूटे तार में प्रवाहित करंट को कटवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों में बिजली विभाग की कथित लापरवाही को लेकर आक्रोश भी है। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते विद्युत लाइन की उचित देखरेख और मरम्मत की जाती तो हादसे को टाला जा सकता था। ग्रामीणों ने जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों से मामले की जांच कर कार्रवाई और विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
Author: Pramod Gupta
Hello









