सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज स्थित चंडी होटल के पास सोन पैलेस में आयोजित विशाल पीडीए महा सम्मेलन में सामाजिक न्याय और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। मुख्य अतिथि सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने सम्मेलन में उमड़ी भीड़ का स्वागत करते हुए दावा किया कि यह जनसैलाब आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की ऐतिहासिक जीत का संकेत है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने से कोई रोक नहीं पाएगा। सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई काफी पुरानी है। भाजपा सरकार को सामाजिक न्याय विरोधी बताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का किसानों, नौजवानों, अल्पसंख्यकों, मजदूरों, आदिवासियों और व्यापारियों की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने और पीडीए समाज को जागरूक करने का आह्वान किया। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि भाजपा बाबा साहब के संविधान और कानून को नहीं मानती। संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए पीडीए सरकार बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ पीडीए ही विकल्प है। गरीब और कमजोर वर्गों पर अत्याचार बढ़ने का आरोप लगाते हुए उन्होंने पीडीए समाज से एकजुट होकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने की अपील की। सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वाले बड़ी संख्या में लोग सम्मेलन में पहुंचे हैं। उन्होंने पीडीए समाज को और अधिक जोड़ने तथा पीडीए आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव वंचित और शोषित वर्गों को न्याय दिलाने तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई के लिए लगातार प्रयासरत हैं। जन अधिकार पार्टी के प्रदेश प्रमुख महासचिव डॉ. भागीरथी सिंह मौर्य ने जातीय जनगणना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार जातीय जनगणना से बच रही है। उन्होंने कुशवाहा, शाक्य, मौर्य और सैनी समाज की आबादी के वास्तविक आंकड़े सामने लाने तथा आबादी के अनुपात में अधिकार और सम्मान देने की मांग की। उन्होंने पीडीए समाज से एकजुट होकर सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने की अपील की। सम्मेलन में आदित्य मौर्य, वेदमणि शुक्ला, सुमंत सिंह मौर्य, चौधरी यशवंत सिंह पटेल, रवि रंजन शाक्य, मुनीर अहमद, गीता गौर, राजेंद्र सिंह पटेल, रमेश चंद दुबे, परमेश्वर दयाल, अनिल प्रधान और पीडीए समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









