– जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष का ऐलान
सोनभद्र। विंध्य एक्सप्रेस-वे तथा जल, जंगल और जमीन के मुद्दे को लेकर रविवार को चतरा ब्लॉक क्षेत्र में किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले किसानों एवं आदिवासी परिवारों की बैठक हुई। इसमें किसानों ने अपनी समस्याएं रखते हुए मोर्चा से उनकी आवाज मजबूती से उठाने की अपील की। बैठक में पहुंचे मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र ने किसानों और अन्नदाता परिवारों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिन सरकारों ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, वही अब किसानों की जमीन जबरन लेने की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विंध्य एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए करीब 2019 हेक्टेयर उपजाऊ भूमि प्रभावित होगी, जबकि पीएसपी के लिए विंध्य पर्वतमाला के जंगलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। उन्होंने कहा कि परियोजना के नाम पर जल, जंगल और जमीन को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। सरकार यदि विकास की बात कर रही है तो पहले एक्सप्रेस-वे के एलाइमेंट पर पुनर्विचार करे और पटवध से पोखरिया मार्ग का निर्माण कराया जाए, जो क्षेत्र की जनहित की आवश्यकता है। साथ ही विंध्य पर्वतमाला में पीढ़ियों से रह रहे आदिवासी परिवारों को वनाधिकार कानून के तहत तत्काल पट्टा आवंटित किया जाए। किसान चेतन ओझा ने कहा कि जमीन हमारी माता है और माता का सौदा करना उन्हें स्वीकार नहीं है। धीरज पांडेय और प्रेमनाथ मौर्य ने कहा कि किसान अपनी जमीन नहीं देंगे। उन्होंने सरकार से पहले जनहित में आरपीके रोड का निर्माण कराने की मांग की। वहीं रामसूरत खरवार ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए वे हरसंभव संघर्ष करेंगे और इन्हें समाप्त नहीं होने देंगे। बैठक में शत्रुघ्न बिंद, आकाश चौहान, रवि शुक्ल, चेतन ओझा, विजय, अरविंद शंकर, नागेंद्र लाकरा, जितेंद्र लाकरा, प्रमोद तिर्की, विजय पटेल, राकेश, राजेश, संजय बियार, दिनेश चेरो, अगद पटेल, रामसजीवन पटेल और दशरथ मौर्य समेत सैकड़ों किसान एवं आदिवासी मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









