September 5, 2026 3:54 pm

पुलिस लाइन चुर्क में श्रद्धा और उल्लास से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

सोनभद्र। रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क परिसर में 4/5 सितंबर की मध्यरात्रि पुलिस परिवार के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारीजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी के साथ बाल गोपाल का भव्य श्रृंगार किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारीजनों के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना एवं आरती की।कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और जीवन प्रसंगों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों और श्रीकृष्ण भजनों से पूरा पुलिस लाइन परिसर भक्तिमय हो उठा। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। आयोजन में आपसी प्रेम, सौहार्द और पारिवारिक आत्मीयता का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने समस्त पुलिस परिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, कर्तव्य, धर्म और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को सशक्त करने के साथ समाज में प्रेम, सौहार्द, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारीजनों ने एक-दूसरे को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और पूरे उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनिल कुमार सहित पुलिस के अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं उनके परिवारीजन मौजूद रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!