सोनभद्र। फेसबुक पर निवेश की रकम दोगुना करने का झांसा देकर ₹15.93 लाख की साइबर ठगी के मामले में साइबर क्राइम पुलिस थाना सोनभद्र ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। करमा थाना क्षेत्र के ग्राम करकी निवासी जितेन्द्र कुमार मौर्य ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2023 में फेसबुक पर धनराशि निवेश कर दोगुना वापस पाने संबंधी विज्ञापन के माध्यम से उनका संपर्क आरोपियों से हुआ। आरोपियों ने उन्हें BetVet एप के जरिए निवेश करने और रकम दोगुनी मिलने का प्रलोभन दिया। झांसे में आकर वादी ने मई 2023 से जून 2026 के बीच कई बार में कुल ₹15,93,000 निवेश कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने रकम वापस नहीं की। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना सोनभद्र में मु0अ0सं0 20/2026, धारा 318(4) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान धारा 336(3) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) एवं क्षेत्राधिकारी साइबर के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 03 सितंबर 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयप्रकाश बिन्द पुत्र ओमप्रकाश बिन्द निवासी देवरिया जगन्नाथुर थाना चुनार मिर्जापुर तथा रोहित उर्फ बम्बू पुत्र कमलेश निवासी देवरिया जगन्नाथुर थाना चुनार मिर्जापुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात मिर्जापुर निवासी कपिल देव भारद्वाज से हुई थी, जो वर्तमान में मिर्जापुर जेल में निरुद्ध है। आरोपियों के अनुसार वे अपने बैंक खाते कपिल देव को उपलब्ध कराते थे। कपिल देव ऑनलाइन गेम से संबंधित APK फाइल साइबर ठगी करने वाले लोगों को उपलब्ध कराने के साथ बैंक खातों की व्यवस्था कर धनराशि का लेन-देन कराता था। थाना साइबर क्राइम सोनभद्र में दर्ज वर्ष 2025 के एक अन्य साइबर फ्रॉड मामले में कपिल देव भारद्वाज प्रथम लेयर का बेनिफिशियरी पाया गया था। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है, ताकि बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले अन्य लोगों और पूरे साइबर फ्रॉड नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी, उपनिरीक्षक बृजेश दूबे, कांस्टेबल अखिलेश यादव, कांस्टेबल अभिषेक तिवारी तथा कांस्टेबल सुनील कुमार रावत शामिल रहे। पुलिस की अपील: सोशल मीडिया पर निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने, अत्यधिक लाभ दिलाने अथवा ऑनलाइन ट्रेडिंग/गेमिंग के नाम पर आने वाले संदिग्ध विज्ञापनों के झांसे में न आएं। किसी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर धनराशि निवेश न करें और बैंक खाते, ओटीपी, यूपीआई पिन व अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
Author: Pramod Gupta
Hello









