September 4, 2026 10:33 am

डीआईजी पूनम ने पुलिस कार्यालय की शाखाओं का किया निरीक्षण, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए कड़े निर्देश

सोनभद्र। पुलिस उप महानिरीक्षक विन्ध्याचल परिक्षेत्र, मीरजापुर पूनम ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय सोनभद्र की विभिन्न शाखाओं का शाखावार विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान पत्र व्यवहार, आंकिक, अपराध, अभियोजन, डीसीआरबी, महिला प्रकोष्ठ, विशेष जांच प्रकोष्ठ, सोशल मीडिया सेल, सीसीटीएनएस, मॉनिटरिंग सेल, फील्ड यूनिट, चुनाव सेल, फिंगर प्रिंट सेल, सम्मन सेल एवं डायल-112 समेत अन्य शाखाओं के अभिलेखों, पंजिकाओं और कार्यप्रणाली की समीक्षा की। डीआईजी ने लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण, अभिलेखों के अद्यतन रख-रखाव और प्रविष्टियों में शुद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस लाइन चुर्क के कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध गोष्ठी कर जिले की कानून-व्यवस्था एवं अपराध की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने गंभीर अपराधों में गुणवत्तापूर्ण विवेचना, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी तथा लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई पर जोर दिया गया। हत्या, लूट, डकैती, गैंगरेप, गौ-तस्करी, वाहन चोरी और मादक पदार्थ तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई तथा धारा 14(1) के तहत संपत्ति जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। आगामी वर्षा एवं संभावित बाढ़ के मद्देनजर डीआईजी ने बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने, संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने तथा आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य के लिए पुलिस बल और संसाधन तैयार रखने को कहा। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर जनसुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

त्योहारों पर सोशल मीडिया की 24 घंटे निगरानी

आगामी त्योहारों के दृष्टिगत धार्मिक स्थलों, बाजारों, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, पैदल गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। जुलूस एवं शोभायात्राओं के मार्गों की पूर्व समीक्षा कर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा स्थानीय अभिसूचना तंत्र को सक्रिय रखने पर जोर दिया गया। डीआईजी ने आयोजकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं संभ्रांत नागरिकों से संवाद और समन्वय बनाए रखने को कहा। सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक एवं अफवाहजनक पोस्ट की 24 घंटे निगरानी करने तथा गलत सूचना सामने आने पर तत्काल तथ्यात्मक जानकारी जारी कर उसका खंडन करने के निर्देश दिए। इसके अलावा IGRS, Public Grievance, MATRIX, YAKSH App, CEIR, E-HRMS, दर्पण/सीएम डैशबोर्ड, e-Summon, e-Office, e-Sakshya, NATGRID, NCRP/MRM, RTI एवं iGOT कर्मयोगी पोर्टल की समीक्षा कर लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण और डेटा को नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए। CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम मोबाइलों की बरामदगी कर वास्तविक धारकों को सुपुर्द करने पर भी विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!