– तिरपाल के सहारे हाई-वोल्टेज पैनल जान जोखिम में डालकर काम कर रहे कर्मी
सोनभद्र। बीजपुर (बिनोद गुप्त) बीजपुर स्थित राय कॉलोनी बिजली उपकेंद्र की बदहाली का एक चिंताजनक मामला सामने आया है। भारी बारिश के चलते उपकेंद्र के कंट्रोल रूम की छत से लगातार पानी टपक रहा है। करोड़ों रुपये के हाई-वोल्टेज पैनल और संवेदनशील मशीनों को पानी से बचाने के लिए विभाग ने ऊपर तिरपाल टांग रखा है जो कभी भी किसी बड़े हादसे का सबब बन सकता है। उपकेंद्र के भीतर 11 केवी और 33 केवी के मुख्य विद्युत पैनल स्थापित हैं।छत से लगातार सीपेज और पानी गिरने के कारण पैनलों पर शॉर्ट सर्किट होने का खतरा मंडरा रहा है। पानी सीधे उपकरणों पर न गिरे इसके लिए कर्मचारियों ने जुगाड़ के तौर पर एक बड़ा काला तिरपाल बांध दिया है। यदि तिरपाल से पानी का रिसाव बढ़ा या शॉर्ट सर्किट हुआ तो पूरे सब-स्टेशन में भीषण आग लगने और क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
विद्युत सब-स्टेशन में तैनात लाइनमैन और ऑपरेटर हर पल जान जोखिम में डालकर अपनी शिफ्ट पूरी कर रहे हैं। फर्श पर नमी और पानी के रिसाव के बीच हाई-वोल्टेज पैनलों को ऑपरेट करना सीधा मौत को दावत देने जैसा है। कर्मचारियों का कहना है कि वे लगातार भय के साए में काम कर रहे हैं लेकिन जनसेवा और बिजली आपूर्ति बहाल रखने की मजबूरी के कारण उन्हें इस खतरनाक माहौल में भी ड्यूटी करनी पड़ रही है। उपकेंद्र की इस जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। मानसून पूर्व मेंटेनेंस के नाम पर होने वाले दावों की पोल इस तिरपाल ने खोल दी है। स्थानीय लोगों ने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि किसी अनहोनी का इंतजार किए बिना तत्काल प्रभाव से छत की वाटरप्रूफिंग और जरूरी मरम्मत कराई जाए ताकि कोई बड़ा जान-माल का नुकसान न हो।
Author: Pramod Gupta
Hello









