September 3, 2026 10:27 am

पंजाब में बिक्री वाली 33 लाख की शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार

– पिपरी पुलिस ने डीसीएम से 4,077 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी, ट्रक समेत 60 लाख की बरामदगी

सोनभद्र। थाना पिपरी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुर्धवा-रनटोला मार्ग से एक डीसीएम ट्रक में लदी भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 33 लाख रुपये, जबकि परिवहन में प्रयुक्त डीसीएम की कीमत करीब 27 लाख रुपये बताई गई है। बुधवार को थाना पिपरी की टीम हाईटेक रेलवे क्रासिंग, मुर्धवा चर्च के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक डीसीएम ट्रक में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लादकर मुर्धवा तिराहा होते हुए बिहार और झारखंड की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुर्धवा तिराहा से रनटोला की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान मुर्धवा की ओर से एक डीसीएम आइसर ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ट्रक लेकर आगे बढ़ने लगा। पीछा करने के बाद करीब 200 मीटर आगे पुलिस ने ट्रक को रोक लिया। चालक से पूछताछ में उसकी पहचान करन सिंह (28) पुत्र सुरेश कुमार निवासी देव नगर थाना भिवानी हरियाणा के रूप में हुई। ट्रक की तलाशी लेने पर 464 पेटियों में कुल 13,296 शीशी अंग्रेजी शराब, जिसकी कुल मात्रा 4,077.36 लीटर बताई गई, बरामद हुई। शराब की बोतलों पर ‘FOR SALE PUNJAB ONLY’ अंकित था। आरोपी शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात या बिल्टी प्रस्तुत नहीं कर सका। उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद भी बरामद किए गए। शराब परिवहन में प्रयुक्त डीसीएम आइसर ट्रक संख्या GJ27TD6174 को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ट्रक चलाने का काम करता है। हरियाणा में एक व्यक्ति ने उसे डीसीएम लेकर जाने के लिए कहा था और बताया था कि ट्रक में जलजीरा कोल्ड ड्रिंक लदी है। बाद में उसे शराब होने की जानकारी दी गई और बिहार पहुंचाने के लिए कहा गया। आरोपी के अनुसार उसके मोबाइल में ‘सेठ जी’ के नाम से एक नंबर सेव था और व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से उसे रास्ते और लोकेशन बताई जा रही थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पैसों के लालच में शराब का परिवहन करना स्वीकार किया है। पुलिस ने मामले में थाना पिपरी पर मु0अ0सं0-165/2026, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम एवं धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ में सामने आए अन्य लोगों की भूमिका तथा शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे, उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, हेड कांस्टेबल रामाश्रय यादव, शेष नाथ पाण्डेय, अमित सिंह, मोहन खरवार, कांस्टेबल अभिषेक आर्या तथा हेड कांस्टेबल राजेश पासवान शामिल रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!