सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत दुद्धी पुलिस एवं एसओजी/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 55.989 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 28 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त वर्ना कार, मोबाइल फोन और एटीएम निकासी की पर्ची समेत कुल बरामदगी की कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है। 1 सितंबर को दुद्धी पुलिस म्योरपुर तिराहा पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर विंढमगंज की ओर से आ रही सफेद रंग की कार को रोकने का प्रयास किया गया। चालक वाहन को तेज गति से रजखड़ की ओर लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर रजखड़ घाटी के पास घेराबंदी कर कार को रोक लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ऋषभ सिंह उर्फ रिशु सिंह उम्र 25 वर्ष पुत्र नकुल उर्फ संदीप सिंह निवासी अलीपुर थाना कासिमपुर तहसील संडीला जनपद हरदोई के रूप में हुई। उसकी निशानदेही पर कार की डिग्गी से खाकी रंग के टेप में लिपटे 53 बंडलों में 55.989 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये की एटीएम निकासी से संबंधित पर्ची भी मिली। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह साथियों के साथ उड़ीसा के बोध क्षेत्र से गांजा खरीदकर झारखंड और छत्तीसगढ़ के रास्ते सोनभद्र होते हुए लखनऊ के मटियारी व चिनहट क्षेत्र में सप्लाई करता था। इस बार भी वह साथियों के साथ गांजा लेकर लखनऊ जा रहा था। आरोपी के मुताबिक तस्करी में प्रयुक्त कार उसके साथी की है और गिरोह के सदस्य व्हाट्सऐप कॉल के जरिए एक-दूसरे से संपर्क करते हैं। पुलिस ने वाहन को आवश्यक कागजात न होने पर एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया। मामले में थाना दुद्धी पर मु0अ0सं0 246/2026, धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मोबाइल व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ लखनऊ और बाराबंकी के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आयुध अधिनियम, एससी/एसटी अधिनियम समेत अन्य धाराओं में पहले से 11 मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, एसओजी/सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक नागेश सिंह, उपनिरीक्षक संजय सिंह, हरिकेश राम आजाद समेत दुद्धी थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









