सोनभद्र (दुद्धी) श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर महिला थाना परिसर में रविवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता ने की। बैठक में जन्माष्टमी एवं शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रहरि ने बताया कि 4 सितंबर को कस्बे सहित आसपास के गांवों के मंदिरों एवं कुछ निजी स्थानों पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा। जन्मोत्सव के दौरान रात 11 बजे से 12:30 बजे तक यातायात एवं सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की जाए। साथ ही पर्व के दौरान विद्युत आपूर्ति बाधित न होने की मांग की गई। उन्होंने बताया कि 6 सितंबर को शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के दौरान संकट मोचन मंदिर पर दही हांडी का आयोजन होगा। इसके बाद श्रीरामलीला मैदान में सभी झांकियां एकत्रित होंगी, जहां दही हांडी कार्यक्रम होगा। इसके उपरांत डोला जुलूस कस्बे का भ्रमण करते हुए तहसील परिसर से बाहर निकलेगा और अंत में शिवाजी तालाब में विसर्जित किया जाएगा। उपजिलाधिकारी ने नगर पंचायत के कर्मचारियों को जन्माष्टमी पर्व के दौरान साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग के कर्मचारियों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने को कहा।
पुलिस उपाधीक्षक विनय प्रभाकर साहनी ने कहा कि त्योहार का आयोजन परंपरागत तरीके से ही किया जाएगा। किसी नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी। जुलूस के दौरान डीजे पर अश्लील गाने बजाने पर रोक रहेगी। उन्होंने सभी से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, राजकुमार अग्रहरि, प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, नंदलाल अग्रहरि, सुरेंद्र गुप्ता, सुरेंद्र अग्रहरि, सुमित सोनी, अमरनाथ जायसवाल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह, कस्बा इंचार्ज हरिकेश आजाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









