August 31, 2026 11:16 am

मूसलाधार बारिश से हाहाकार 15 साल से अधूरा नेशनल हाइवे-39 बहा

– हिंडाल्को का ऐश डाइक टूटने से फसलें जलमग्न

​सोनभद्र (बीजपुर) शनिवार रात से जारी मूसलाधार बारिश ने सिंगरौली जिले में प्रशासनिक दावों और निर्माण एजेंसियों की लापरवाही की पोल खोलकर रख दी है। भारी बारिश के चलते एक ओर जहां 15 वर्षों से निर्माणाधीन नेशनल हाईवे-39 का हिस्सा पानी के तेज बहाव में कट गया वहीं दूसरी ओर औद्योगिक लापरवाही के कारण हिंडाल्को कंपनी के ऐश डाइक की बाउंड्री वॉल टूटने से ग्रामीणों को भारी क्षति का सामना करना पड़ा है। सीधी–सिंगरौली को जोड़ने वाले नेशनल हाइवे 39 बरगवां–देवसर मार्ग पर सजहर जंगल के पास खाखन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया।देवसर के आगे निर्माण कंपनी द्वारा अधूरे छोड़े गए पुल और क्षतिग्रस्त पुलिया के ऊपर से तेज बहाव होने के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।​ पानी के तेज बहाव में एक मोटरसाइकिल के बह जाने की सूचना भी मिली है जिसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जियावन और सिंगरौली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उफनते जलभराव वाले क्षेत्र में वाहनों व राहगीरों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है। बरगवां के ओड़गड़ी क्षेत्र में स्थित हिंडाल्को कंपनी के ऐश डाइक की बाउंड्री वॉल भारी बारिश के दबाव में अचानक ढह गई। डाइक से निकले राख और दूषित पानी के तेज बहाव से ग्रामीणों की कई एकड़ फसल जलमग्न होकर बर्बादी के कगार पर पहुंच गई है।​स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि डाइक में रिसाव और दरारों को लेकर पहले भी कंपनी प्रबंधन को आगाह किया गया था लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पूर्व में हुए हर्रहवा कांड के बाद अब बरगवां की इस घटना ने औद्योगिक सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!