सोनभद्र। बीजपुर (विनोद गुप्त) बीजपुर-रेणुकूट मुख्य मार्ग से कोडार होते हुए छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित नवाटोला को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर बनी पुलिया तेज बहाव में बह गई। दो वर्ष पूर्व निर्मित इस पुलिया के चार दिन पहले बह जाने से ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार बरसात के चलते नाले में आए पानी के तेज बहाव को पुलिया झेल नहीं सकी और ढह गई। पुलिया टूटने के कारण यूपी के नवाटोला और आसपास सीमावर्ती गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से कट गया है। मजबूरी में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को जान हथेली पर रखकर नाले के तेज बहाव के बीच से गुजरना पड़ रहा है जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मात्र दो साल पहले बनी पुलिया का इतनी जल्दी बह जाना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व संबंधित विभाग से नाले पर अविलंब नई पुलिया निर्माण और सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था कराने की मांग की है।
Author: Pramod Gupta
Hello









