– स्कॉर्पियो समेत करीब 30 लाख रुपये की बरामदगी, छत्तीसगढ़ में 2.5 क्विंटल गांजा बरामदगी का भी खुलासा
सोनभद्र। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस, एसओजी, हिन्दुआरी एवं चुर्क चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 36.500 किलोग्राम अवैध गांजा, एक स्कॉर्पियो वाहन, पांच मोबाइल फोन और 550 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद गांजे की कीमत करीब 18 लाख रुपये, जबकि स्कॉर्पियो की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम 28 अगस्त की रात चन्द्रयान तिराहा, भण्डार खुर्द हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर हिन्दुआरी की ओर से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वाहन सवारों ने स्कॉर्पियो मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर करीब रात 10 बजे चारों को पकड़ लिया गया। क्षेत्राधिकारी नगर की मौजूदगी में तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो की पिछली सीट के नीचे और पिछले हिस्से से 37 बंडलों में 36.500 किलो गांजा बरामद हुआ।
उड़ीसा से बलिया तक तस्करी का नेटवर्क
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे आपस में मिलकर गांजा तस्करी करते हैं। उनके अनुसार बलिया निवासी एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा उन्हें उड़ीसा से गांजा लाने के लिए वाहन, धनराशि और दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जाते थे। गांजा सम्भलपुर, उड़ीसा के पास से लेकर बलिया पहुंचाने के एवज में प्रत्येक व्यक्ति को करीब 15 हजार रुपये दिए जाने की बात सामने आई है। आरोपियों ने बताया कि पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए वे व्हाट्सएप कॉल और लोकेशन के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे। 27 अगस्त को वे दो वाहनों से सम्भलपुर से गांजा लेकर वापस लौट रहे थे। रास्ते में छत्तीसगढ़ के जशपुर जनपद के कुनकुरी क्षेत्र में पुलिस चेकिंग से बचने के लिए उन्होंने वैकल्पिक रास्ता अपनाया। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान रास्ता समाप्त होने पर विधिचन्द्र यादव और आदित्य जायसवाल किया कार को मौके पर छोड़कर उसकी चाबी अपने पास रखकर स्कॉर्पियो में साजिद अली और रईस खान के साथ आगे निकले। पुलिस ने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ में पुलिस चेकिंग के दौरान उक्त किया कार से करीब 2.5 क्विंटल अवैध गांजा बरामद हुआ था। सोनभद्र में हाईवे किनारे जंगल क्षेत्र में रात बिताने के बाद चारों आरोपी 28 अगस्त को आगे बढ़ रहे थे। हिन्दुआरी के पास पुलिस चेकिंग के दौरान पकड़े जाने के डर से उन्होंने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
चारों आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विधिचन्द्र यादव (40) निवासी मऊ, साजिद अली (30) निवासी कुशीनगर, रईस खान (20) निवासी कुशीनगर और आदित्य जायसवाल (20) निवासी कुशीनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज में मु0अ0सं0 721/2026, धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, एसओजी प्रभारी निरीक्षक नागेश कुमार सिंह, हिन्दुआरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह, चुर्क चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मनारायण भार्गव सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









