सोनभद्र। कलेक्ट्रेट की कार्यप्रणाली को डिजिटल, तेज और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने ई-ऑफिस प्रणाली को पूर्ण रूप से लागू कर दिया है। अब कलेक्ट्रेट में पत्रावलियों का संचालन डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। इससे एक क्लिक पर फाइल की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। जिलाधिकारी ने बताया कि विगत एक सप्ताह से वह स्वयं डिजिटल सिग्नेचर के माध्यम से ई-ऑफिस पर पत्रावलियों का निस्तारण कर रहे हैं। अब तक 200 से अधिक फाइलों पर ई-ऑफिस के माध्यम से कार्यवाही की जा चुकी है। नई व्यवस्था से पत्रावलियों की प्रभावी मॉनिटरिंग, समयबद्ध निस्तारण और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित रखने में सुविधा होगी।जिलाधिकारी ने जनपद के सभी कार्यालयाध्यक्षों एवं विभागाध्यक्षों से पत्रावलियों तथा शासकीय पत्रों का प्रेषण ई-ऑफिस के माध्यम से ही सुनिश्चित करने की अपील की है। अपर जिलाधिकारी वि./रा. श्री वागीश कुमार शुक्ला ने बताया कि कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों से ई-ऑफिस के माध्यम से पत्रावलियों एवं पत्रों का प्रेषण प्रारंभ हो चुका है। इससे फाइलों की ट्रैकिंग आसान होगी, कार्यों में तेजी आएगी तथा प्रशासनिक व्यवस्था अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जवाबदेह बनेगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









