सोनभद्र (राबर्ट्सगंज) राजा साहब के बगीचे के पास संचालित श्रद्धा सबरी ढाबे को लेकर स्थानीय नागरिकों की ओर से भोजन की गुणवत्ता एवं कर्मचारियों की कार्यकुशलता संबंधी शिकायतों का मामला सामने आया है। इसे लेकर भाजपा नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए ढाबे के संचालन की नियमानुसार जांच कराने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन को भेजे पत्र में भूमि के भू-उपयोग एवं वाणिज्यिक स्थिति, श्रम विभाग से संबंधित अनुपालन, खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों, विद्युत भार के अनुरूप विद्युत उपयोग, विद्युत सुरक्षा तथा अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने का अनुरोध किया है। विनय श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी खाद्य प्रतिष्ठान में आम नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना आवश्यक है। यदि किसी प्रतिष्ठान के संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही हैं तो संबंधित विभागों द्वारा निष्पक्ष निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति सामने लानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि संबंधित विभाग संयुक्त अथवा अपने स्तर से जांच कर यह सुनिश्चित करें कि ढाबा संचालक द्वारा आवश्यक लाइसेंस, पंजीकरण, अनुमतियां और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं। जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की जाए। भाजपा नगर अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या प्रतिष्ठान को परेशान करना नहीं, बल्कि जनहित और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने प्रशासन से मामले की शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा नागरिकों की शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने की अपेक्षा की है।
Author: Pramod Gupta
Hello









