सोनभद्र। युवाओं के भविष्य, शिक्षा, रोजगार और छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दे को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस सोनभद्र के कार्यकर्ताओं ने कचहरी तिराहे पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शशांक मिश्रा ने की। कार्यकर्ताओं ने 20 जुलाई को छात्रों पर हुई कथित लाठीचार्ज की कार्रवाई और पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय किए जाने की मांग की।जिला अध्यक्ष शशांक मिश्रा ने कहा कि देश का युवा रोजगार, शिक्षा और बेहतर भविष्य की उम्मीद लगाए बैठा है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की आवाज सुनने के बजाय उनके सवालों का जवाब बल प्रयोग से दिया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। सरकार को छात्रों की समस्याएं सुनकर संवाद के माध्यम से समाधान निकालना चाहिए। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक जी ने कहा कि युवा अपने भविष्य को लेकर सवाल पूछते हैं तो उनके सवालों का जवाब लाठी और गोली से नहीं दिया जा सकता। सरकार को युवाओं की आवाज सुनते हुए उनके अधिकारों का सम्मान करना चाहिए। पूर्व महासचिव युवा कांग्रेस धीरज पाण्डेय ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं में असंतोष सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े कर रहा है। जिला महासचिव रोहिल मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति को दबाना उचित नहीं है। शहर अध्यक्ष अनुपम द्विवेदी ने कहा कि युवा कांग्रेस छात्रों और नौजवानों की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। शहर कांग्रेस महासचिव प्रांजल श्रीवास्तव ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्रों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्ष जांच की मांग की। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों के अधिकार, रोजगार, शिक्षा, लोकतंत्र और जवाबदेही के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में युवा अपने मताधिकार के माध्यम से अपने सवालों और मुद्दों पर जनादेश देंगे। इस दौरान शहर उपाध्यक्ष मोहम्मद साद अंसारी, शहर महासचिव कनिष्क भार्गव, पूर्व कांग्रेस नेता सत्येंद्र दुबे, सूर्य प्रकाश, रोहित पाण्डेय, रवि शंकर उपाध्याय, मोहित कुशवाहा, पुनीत कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









