सोनभद्र। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बागीश कुमार शुक्ला के निर्देश पर उप जिलाधिकारी जफर अहमद ने नगर पंचायत डाला के वार्ड नंबर-6 में चल रहे निर्माण कार्य की मौके पर जांच की। शिकायतकर्ता राजेश, जिनकी पत्नी सभासद हैं, की मौजूदगी में स्थलीय निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई। सीसी रोड के किनारे साइड वॉल की जुड़ाई में सीमेंट और बालू के स्थान पर भस्सी (गिट्टी की धूल) का प्रयोग पाया गया। वहीं सीसी रोड की निर्धारित छह इंच ऊंचाई भी मौके पर कम मिली। निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उप जिलाधिकारी ने तत्काल काम रुकवा दिया। उप जिलाधिकारी ने संबंधित ठेकेदार को निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पंचायत डाला के अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह और अवर अभियंता ओम तिवारी को निर्देशित किया कि आगे का निर्माण कार्य उनकी प्रत्यक्ष निगरानी में मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सामग्री से कराया जाए।
Author: Pramod Gupta
Hello









