August 28, 2026 12:24 pm

एम्बुलेंस के गुप्त कैबिनेट से 81.3 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

– सोनभद्र में एएनटीएफ लखनऊ और हाथीनाला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 48 लाख रुपये का माल बरामद

सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि अभियान के तहत एएनटीएफ यूनिट लखनऊ और थाना हाथीनाला पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एम्बुलेंस में छिपाकर ले जाया जा रहा 81.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार करने के साथ ही गांजा तस्करी में प्रयुक्त एम्बुलेंस, मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है। बरामद गांजे और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 48 लाख रुपये बताई गई है। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल व अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के निर्देशन में यह कार्रवाई 24/25 अगस्त की रात मुखबिर की सूचना पर हाथीनाला थाना क्षेत्र के दुद्धी मार्ग पर की गई। सूचना मिली थी कि एम्बुलेंस के जरिए उड़ीसा से गांजा लाकर दुद्धी मार्ग होते हुए सुल्तानपुर ले जाया जा रहा है। पुलिस टीम ने हाथीनाला तिराहे के पास संदिग्ध एम्बुलेंस WB04F3083 को रोककर तलाशी ली। चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान एम्बुलेंस के फर्श में लगी एल्यूमिनियम की चादर के नीचे बनाए गए गुप्त कैबिनेट का पता चला। कैबिनेट से टेप से बंधे 36 बंडलों में कुल 81.300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपी की पहचान समीर सरकार (35) पुत्र त्रिशंकु सरकार, निवासी फरक्का, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नकद भी बरामद हुए। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि गांजा उड़ीसा के सम्बलपुर से एम्बुलेंस में लोड कराया गया था और उसे सुल्तानपुर पहुंचाना था। वहां एक अज्ञात व्यक्ति/पार्टी द्वारा गांजा उतरवाने के बाद उसे भुगतान किया जाता था। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना हाथीनाला में मु0अ0सं0 38/2026, धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। बरामदगी: 81.300 किलो गांजा (अनुमानित कीमत 41 लाख रुपये), एम्बुलेंस (अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये), एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नकद। कार्रवाई करने वाली पुलिस थानाध्यक्ष विनोद कुमार यादव, एएनटीएफ यूनिट लखनऊ के टीम प्रभारी उपनिरीक्षक सूरज सिंह, उपनिरीक्षक सुरेश राम यादव सहित हेड कांस्टेबल मो. खालिद खां, राजेश सिंह यादव, दीपक कुमार, नन्दलाल यादव, बृजेश कुमार यादव, चालक सुनील कुमार तथा कांस्टेबल राजन कुमार शामिल रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!