August 28, 2026 12:30 pm

रसोइयों को सीएम योगी की बड़ी सौगात, मानदेय ₹3 हजार; परिवार को ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज

सोनभद्र। विद्यालयों में बच्चों के पोषण की जिम्मेदारी निभा रहे रसोइयों के सम्मान, स्वास्थ्य सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी सौगातों की घोषणा की। रविवार को पीएम पोषण योजना के तहत आयोजित रसोइया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार सोनभद्र में राज्य मंत्री समाज कल्याण विभाग संजीव कुमार गोंड की गरिमामयी उपस्थिति में देखा और सुना गया। मुख्यमंत्री ने रसोइयों का मासिक मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 करने की घोषणा की। इसके साथ ही रसोइयों और उनके परिवारों को ₹5 लाख तक वार्षिक कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच दिया गया है। साड़ी/यूनिफॉर्म के लिए मिलने वाले वार्षिक भत्ते को भी ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 कर दिया गया है। दुर्घटना में मृत्यु होने की स्थिति में ₹2 लाख की आर्थिक सहायता का प्रावधान भी किया गया है।

रसोइयों का सम्मान उनके सेवाभाव और परिश्रम का सम्मान: संजीव गोंड

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे पूरी निष्ठा और सेवाभाव से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। मानदेय में वृद्धि के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा और अन्य आर्थिक सुविधाओं का विस्तार उनके परिश्रम के प्रति सम्मान और सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रसोइयों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के साथ उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

बच्चों के बेहतर पोषण की मजबूत कड़ी हैं रसोइये: जिलाधिकारी

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि पीएम पोषण योजना बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और समग्र विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। इसके सफल क्रियान्वयन में रसोइयों की भूमिका आधारभूत है। विद्यालयों में प्रतिदिन बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले रसोइयों का परिश्रम बच्चों के बेहतर पोषण और स्वस्थ भविष्य की मजबूत कड़ी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा मानदेय बढ़ाने, परिवार सहित कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने, साड़ी/यूनिफॉर्म भत्ता बढ़ाने तथा दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता का प्रावधान करने से रसोइयों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक संबल को मजबूती मिलेगी। जनपद में पीएम पोषण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने राज्य मंत्री, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, रसोइयों एवं उपस्थित प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!