October 10, 2026 4:28 am

विशिष्ट स्टेडियम में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मोहा मन

सोनभद्र। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर विशिष्ट स्टेडियम परिसर में भव्य एवं गरिमापूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ रहे। समारोह का शुभारंभ छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी। स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने स्टेडियम परिसर में मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया। देशभक्ति गीतों और नृत्य के दौरान पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन ने बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से सराहना की।

शहीदों के त्याग को याद करने का दिन: संजीव गौड़

मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री श्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि 15 अगस्त केवल पर्व मनाने का दिन नहीं, बल्कि देश के अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। देश को आजादी दिलाने के लिए वीर सेनानियों ने अनेक कठिनाइयों का सामना किया और अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सम्मानपूर्वक जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी हम सभी की है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने युवाओं और छात्र-छात्राओं से देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम के नायकों तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

स्वतंत्रता के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है दिवस: जिलाधिकारी

जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने कहा कि देश को स्वतंत्रता लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है। अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आजादी दिलाई। इसलिए स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत की नींव वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान पर रखी गई है। हम सभी का दायित्व है कि अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए देश एवं जनपद के विकास में योगदान दें। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और राष्ट्रप्रेम को जीवन का आधार बनाकर विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना, जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना तथा कमजोर एवं वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

खेल प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित

समारोह के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि संजीव कुमार गौड़ ने सम्मानित किया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, मोमेंटो एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।इस दौरान मंत्री ने धनुष चलाकर निशाना भी साधा। तीरंदाजी में उनके द्वारा निशाना साधना समारोह में विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। छात्र-छात्राओं और खेल प्रेमियों में इसे लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। मंत्री ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और टीम भावना विकसित करने के साथ उन्हें स्वस्थ एवं सशक्त नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने भी स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन, संघर्ष और त्याग पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद रखना और उनके आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। समारोह में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, प्रभागीय वन अधिकारी कैमूर वन्यजीव प्रभाग आरुषि मिश्रा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं आमजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं की सामूहिक नृत्य, देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में राष्ट्रप्रेम और उत्साह का संचार किया। पूरा विशिष्ट स्टेडियम परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!