सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग, जिसे लगातार हो रहे हादसों के कारण लोग अब ‘किलर रोड’ कहने लगे हैं, गुरुवार की सुबह एक बार फिर खून से लाल हो गया। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हिन्दुआरी चौकी अंतर्गत सड़क किनारे खड़े ट्रक से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई, जिससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शीतला मंदिर चौक निवासी निहाल सिंह उम्र 27 वर्ष पुत्र संतोष सिंह गुरुवार सुबह बाइक से वाराणसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हिन्दुआरी चौकी क्षेत्र में उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर हिन्दुआरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि महज 24 घंटे पहले मधुपुर क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में एक बुजुर्ग महिला समेत दो लोगों की जान चली गई थी। लगातार दूसरे दिन हुई इस दर्दनाक दुर्घटना ने वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही, सड़क किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों ने दुर्घटना संभावित स्थलों पर प्रभावी निगरानी, अवैध पार्किंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
Author: Pramod Gupta
Hello









