– बीते शनिवार को जिलाधिकारी और एसपी के निरीक्षण के बाद अधिवक्ताओं की मांग पर शुरू हुई त्वरित कार्रवाई
सोनभद्र। (दुद्धी) जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के आदेश के बाद दुद्धी कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने की कवायद तेज हो गई है। बुधवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) के अभियंताओं की एक विशेष टीम कचहरी परिसर का मुआयना करने पहुंची। टीम ने परिसर में नई बाउंड्री वॉल, मुख्य गेट के निर्माण और सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए विस्तृत कार्य योजना (ब्लूप्रिंट) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुआयना करने पहुंची इस संयुक्त टीम में मुख्य रूप से पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई एसके विश्वकर्मा और एसडीएम कार्यालय के स्टेनो विजेंद्र सिंह मौजूद रहे।गौरतलब है कि बीते शनिवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संयुक्त रूप से दुद्धी कचहरी का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान स्थानीय अधिवक्ताओं ने परिसर की सुरक्षा, बाउंड्री वॉल की जर्जर स्थिति और अन्य मूलभूत समस्याओं से आलाधिकारियों को अवगत कराया था। अधिवक्ताओं की मांगों और परिसर की संवेदनशीलता को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही समस्याओं के तत्काल निस्तारण का भरोसा दिया था।इसी क्रम में बुधवार को पहुंचे पीडब्ल्यूडी विभाग के इंजीनियरों ने पूरे परिसर का तकनीकी निरीक्षण किया। टीम ने उन संवेदनशील बिंदुओं को चिह्नित किया जहां सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने बेहद जरूरी हैं। इसके साथ ही कचहरी की सुरक्षा घेरे को मजबूत करने के लिए बाउंड्री वॉल और भव्य गेट के निर्माण को लेकर जमीन की पैमाइश और रूपरेखा तैयार की गई।मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि मुआयने की रिपोर्ट जल्द ही उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी, जिसके बाद निर्माण और सुरक्षा उपकरणों को लगाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया जाएगा। इस पहल से स्थानीय अधिवक्ताओं और वादकारियों में सुरक्षा को लेकर एक सकारात्मक संदेश गया है।
Author: Pramod Gupta
Hello









