सोनभद्र। जनपद में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए प्रदेश सरकार ने तियरा स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण के लिए 6 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत कर दी है। शासन ने निर्माण कार्य के लिए उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण संघ लिमिटेड (यूपीआरएनएसएस) को नामित किया है। स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही स्टेडियम के कायाकल्प का कार्य शुरू होगा।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तियरा स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय पहल और शासन के सहयोग से तियरा स्टेडियम अब आधुनिक खेल सुविधाओं से सुसज्जित होकर सोनभद्र की नई पहचान बनेगा। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में पवेलियन भवन की मरम्मत, क्षतिग्रस्त छत का जीर्णोद्धार, वॉलीबॉल कोर्ट की फेंसिंग एवं सिंथेटिक फ्लोरिंग, बाउंड्रीवाल पर कंटीले तारों की फेंसिंग, दर्शक दीर्घा का सुदृढ़ीकरण, छात्रावास एवं दर्शक दीर्घा का रंग-रोगन, बास्केटबॉल और टेबल टेनिस कोर्ट का निर्माण, जलनिकासी व्यवस्था, रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक फर्नीचर की व्यवस्था कराई जाएगी। बुधवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने तियरा स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास भवन में एक समान खिड़कियां लगाने, कमरों एवं आवश्यक स्थानों पर टाइल्स लगाने, आधुनिक बास्केटबॉल एवं टेबल टेनिस कोर्ट विकसित करने तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्टेडियम परिसर की उच्च गुणवत्ता के साथ पेंटिंग और सीसी सड़क निर्माण कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि खिलाड़ियों की सुविधा और उनकी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए कराए जा रहे कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण कार्य में शिथिलता बरतने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, जिला क्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









