सोनभद्र। आदर्श नगर पंचायत चोपन में भवन नंबरिंग शुल्क, संस्कार भवन और जनसूचना (आरटीआई) से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच अब तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश लोकायुक्त के निर्देश पर अपर आयुक्त मिर्जापुर, संयुक्त निदेशक (जेसीडी) तथा कोषागार एवं वित्त विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय और काली मंदिर परिसर स्थित संस्कार भवन का स्थलीय निरीक्षण कर शिकायत से जुड़े बिंदुओं की जांच की।जांच के दौरान अधिकारियों ने भवन नंबरिंग शुल्क, संस्कार भवन और आरटीआई से संबंधित अभिलेखों की जांच की। शिकायत में उल्लिखित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं कराए जाने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई और अधिशासी अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगते हुए मूल पत्रावलियों के साथ अगले दिन मिर्जापुर कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए। इसके बाद जांच टीम संस्कार भवन पहुंची, जहां भवन लंबे समय से बंद होने के कारण चाबी उपलब्ध नहीं मिली। काफी देर बाद ताला खुलवाकर भवन का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने छत से पानी रिसने, दीवारों में नमी तथा भवन की जर्जर स्थिति का जायजा लिया और रखरखाव संबंधी जानकारी भी प्राप्त की।
Author: Pramod Gupta
Hello









