सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के जिला प्रभारी अनिल सिंह उपस्थित रहे। कार्यशाला का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने की, जबकि संचालन जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष अजीत रावत ने किया। मुख्य अतिथि अनिल सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश देती है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर यह अभियान राष्ट्रीय चेतना का पर्व बन चुका है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान को व्यापक बनाने पर जोर दिया।
जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने बताया कि अभियान के लिए जिला एवं मंडल स्तर की टोलियों का गठन किया जा चुका है। 10 से 15 अगस्त तक पूरे जनपद में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत तिरंगा यात्रा, शहीद स्थलों पर स्वच्छता अभियान, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रम तथा सभी मंडलों में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों एवं पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित भी किया जाएगा।कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर चुर्क नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा यादव, दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, जिला उपाध्यक्ष अमरेश पटेल, शंभू नारायण सिंह, बृजेश श्रीवास्तव, विशाल पांडेय, महेश्वर चंद्रवंशी, शारदा खरवार, जिला मंत्री अनिल सिंह, सुषमा गोंड, प्रमिला जायसवाल, जिला मीडिया प्रभारी रजनीश रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









