– P9 भारत न्यूज़ की खबर का असर, डीएम के निर्देश पर शाहगंज बाजार में युद्धस्तर पर सफाई अभियान शुरू, कांवड़ यात्रियों के लिए मार्ग बनाया जा रहा स्वच्छ व सुगम।
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शाहगंज (घोरावल) बाजार में विशेष सफाई अभियान युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत एवं नगर पंचायत के संयुक्त प्रयास से सड़कों की सफाई, कीचड़ एवं मलबा हटाने, नालियों की सफाई तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य लगातार जारी है। उल्लेखनीय है कि P9 भारत न्यूज़ ने शाहगंज बाजार में व्याप्त गंदगी एवं अव्यवस्था की समस्या को प्रमुखता से कई बार प्रकाशित किया था। खबरों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को शाहगंज बाजार का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए तत्काल व्यापक स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि श्रावण मास में शिवद्वार आने-जाने वाले कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा पूरा मार्ग स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए। डीएम के निर्देशों के अनुपालन में लोक निर्माण विभाग द्वारा जेसीबी मशीनों से सड़कों पर जमा कीचड़ एवं मलबा हटाया जा रहा है। वहीं जिला पंचायत एवं नगर पंचायत की टीमें नालियों की सफाई, कूड़ा-करकट उठान और पूरे बाजार क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चला रही हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान पूरी गुणवत्ता और नियमितता के साथ संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा है कि कांवड़ यात्रा की अवधि में स्वच्छता, जल निकासी और आवागमन की बेहतर व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Author: Pramod Gupta
Hello









