सोनभद्र। चेहल्लुम के अवसर पर मंगलवार को रॉबर्ट्सगंज नगर में पूरे अकीदत, अनुशासन और जोश-ओ-खुलूस के साथ ताजिया जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और कर्बला के शहीदों की याद में मातम व सीनाजनी कर हजरत इमाम हुसैन को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे नगर में “या हुसैन, या हुसैन” और “कर्बला दूर है, जाना जरूर है” की सदाएं गूंजती रहीं। शाम करीब पांच बजे रिजवी कटरा से पहला ताजिया निकला, जो हिराबाबा और दीपनगर के ताजियों के साथ टैक्सी स्टैंड पर मिला। इसके बाद सभी ताजिए बिजली सबस्टेशन के समीप पहुंचे, जहां हमीदनगर के ताजियों से उनका मिलान हुआ। वहां से जुलूस मुख्य चौक पहुंचा, जहां हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के 72 शहीदों की याद में अकीदतमंदों ने मातम किया। इस दौरान बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। धार्मिक मान्यता के अनुसार मुहर्रम और चेहल्लुम का आयोजन कर्बला के उन 72 शहीदों की याद में किया जाता है, जिन्होंने हक और इंसाफ की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। जुलूस के दौरान पूरे मार्ग पर गमगीन माहौल के बीच श्रद्धालु मातम करते हुए आगे बढ़ते रहे। जुलूस में सैकड़ों अकीदतमंद शामिल रहे। सावन माह के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने जुलूस मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा तथा अधिकारियों की निगरानी में चेहल्लुम का जुलूस शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ।
Author: Pramod Gupta
Hello









