October 10, 2026 4:59 am

औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना में सोनभद्र को बड़ी सौगात, 202 करोड़ से बनेंगी छह सड़कें

सोनभद्र। प्रदेश सरकार ने औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में सोनभद्र को बड़ी सौगात दी है। औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना के तहत प्रदेश में स्वीकृत 22 सड़क निर्माण प्रस्तावों में सबसे अधिक छह प्रस्ताव अकेले सोनभद्र के हैं। इन सड़कों के निर्माण पर करीब 202 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे लगभग 127 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण होगा। जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से मिली यह स्वीकृति जिले के औद्योगिक और आधारभूत विकास में महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि सरकार उद्योगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सड़क नेटवर्क को तेजी से मजबूत कर रही है। औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना के अंतर्गत सोनभद्र के छह सड़क निर्माण प्रस्तावों को मंजूरी मिल चुकी है। इनमें मुर्धवा–म्योरपुर–बभनी–चपकी–बीजपुर मार्ग का निर्माण 36.75 करोड़ रुपये, नधिरा–धरतिडाड़ मार्ग का निर्माण 1.20 करोड़ रुपये, वाराणसी–शक्तिनगर स्टेट हाईवे का निर्माण 41.79 करोड़ रुपये, डिबुलगंज–जोगेंद्रा मार्ग का निर्माण 48.38 करोड़ रुपये, आरएस रोड से कोदरा टोला मार्ग का निर्माण 18.53 करोड़ रुपये तथा चोपन–कोटा–कोन–करौंदी मार्ग का निर्माण 55.50 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि संबंधित विभागों ने सर्वेक्षण और अन्य औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी कीं, जिसके परिणामस्वरूप जिले के सभी छह प्रस्तावों को स्वीकृति मिल सकी। अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

उद्योगों और आमजन दोनों को होगा लाभ

डीएम ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों की ढुलाई तेज होने से लॉजिस्टिक लागत और समय में कमी आएगी। वहीं आम लोगों के लिए भी आवागमन आसान होगा, यात्रा का समय घटेगा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।

पांच और सड़क प्रस्ताव शासन के पास

जिलाधिकारी ने बताया कि औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना 2026-27 के तहत जिले की पांच और सड़कों के निर्माण संबंधी प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं, जिनकी स्वीकृति जल्द मिलने की उम्मीद है। इनमें डाला खन्ना कैंप से बिल्ली रोड तक टू-लेन सड़क, खड़िया से तेलगढ़वा पुल (शक्तिनगर बॉर्डर) तक टू-लेन सड़क, चुर्क सीमेंट फैक्ट्री तक पहुंच के लिए दो लिंक रोड, ओबरा डिग्री कॉलेज से नगर पंचायत कार्यालय तक सड़क निर्माण तथा मीना बाजार घुरमा फीडर से कुनिअवां टोला मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शामिल है। इन परियोजनाओं के स्वीकृत होने से जिले की औद्योगिक और यातायात व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!