सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई/जनता दर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, गुमशुदगी, साइबर धोखाधड़ी, राजस्व संबंधी मामलों सहित अन्य पुलिस प्रकरणों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। एसपी ने प्रत्येक प्रकरण का स्वयं संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मामलों की तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण जांच सुनिश्चित की जाए तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उत्पीड़न पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप आवश्यक है, उनमें बिना विलंब विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम पुलिस और जनता के बीच विश्वास, संवाद एवं पारदर्शिता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। आमजन की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं संतोषजनक समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Author: Pramod Gupta
Hello









