सोनभद्र। सावन के पहले सोमवार पर रॉबर्ट्सगंज नगर पूरी तरह शिवमय नजर आया। सुबह मंगला आरती के साथ ही नगर के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। “हर-हर महादेव” और “बाबा भोलेनाथ की जय” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और देश की उन्नति की कामना की। नगर के पंचमुखी महादेव मंदिर, वीरेश्वर महादेव मंदिर, सोमनाथ मंदिर, बरैला महादेव मंदिर, गौरीशंकर महादेव मंदिर, दंडइत बाबा मंदिर सहित अन्य शिवालयों में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा, पुष्प और फल अर्पित कर विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। मंदिरों के बाहर भी सावन का उत्साह देखने को मिला। पूजा सामग्री की दुकानों पर बेलपत्र, नारियल, धूप-दीप, अगरबत्ती, फूल-माला, रुद्राक्ष, कलावा, भांग और धतूरा खरीदने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। दुकानदारों ने बताया कि सावन के पहले सोमवार को बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है और पूरे सावन माह में कारोबार बेहतर रहने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के मद्देनज़र मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। दिनभर रॉबर्ट्सगंज नगर शिवभक्ति में सराबोर रहा और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था।
Author: Pramod Gupta
Hello









