October 10, 2026 5:15 am

मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को वितरित किए गए स्वीकृति पत्र व चाभी

सोनभद्र (दुद्धी) मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत गुरुवार को ब्लॉक सभागार में लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं आवास की चाभी वितरण कार्यक्रम का आयोजन खंड विकास अधिकारी डॉ. जितेंद्र नाथ दुबे की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए 77 लाभार्थियों को अतिथियों द्वारा स्वीकृति पत्र एवं चाभी प्रदान की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री जीत सिंह खरवार ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री आवास योजना इसका सशक्त उदाहरण है, जिसके माध्यम से पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य प्रत्येक पात्र परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में सर्वे के आधार पर नए पात्र लाभार्थियों की सूची भी तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले अधिकांश ग्रामीण परिवार चूल्हे पर भोजन बनाते थे, जबकि आज उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को गैस कनेक्शन का लाभ मिल रहा है। खंड विकास अधिकारी डॉ. जितेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि रजखड़, झारो, धनौरा, दिघुल सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के 77 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया। इनमें 51 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र तथा 26 लाभार्थियों को नवनिर्मित आवास की चाभी वितरित की गई। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। यदि किसी लाभार्थी को योजना से संबंधित कोई परेशानी हो तो वह सीधे ब्लॉक कार्यालय से संपर्क करें तथा किसी भी प्रकार के दलाल या बिचौलियों के बहकावे में न आएं और किसी को पारितोषिक या धनराशि न दें। कार्यक्रम का संचालन बीओ धर्मेंद्र कुमार ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री मनोज सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, मंडल अध्यक्ष दीपक शाह, एडीओ पंचायत आशुतोष श्रीवास्तव, राकेश मौर्या, सुरेंद्र कुमार, अरुण वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं ब्लॉक कर्मचारी उपस्थित रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!