सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के कोंगा गांव में गुरुवार सुबह खेत में घोड़ा बांधने को लेकर शुरू हुआ विवाद पुरानी जमीनी रंजिश के चलते हिंसक संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला हुआ, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बभनी में चल रहा है।जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे खेत में घोड़ा बांधने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान जमकर मारपीट हुई तथा लाठी-डंडों के साथ कुल्हाड़ी का भी इस्तेमाल किया गया। घटना में एक पक्ष के बृजेश्वर (55) पुत्र बलवीर तथा दूसरे पक्ष के नंदू गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि प्रेमचंद, नंदू, दिनेश और शोभनाथ, सभी निवासी कोंगा, ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला किया। मारपीट की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग कराया और घटना की सूचना पुलिस को दी।पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है तथा तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Author: Pramod Gupta
Hello









