– सावन मेले से पहले जागा बिजली विभाग
सोनभद्र। बीजपुर (विनोद गुप्त) सावन मास और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिजली विभाग पूरी तरह हरकत में आ गया है। प्रसिद्ध जरहा स्थित अजीरेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण के ठीक ऊपर से गुजर रही 11 केवीए की हाई-टेंशन बिजली की लाइन के नीचे विभाग द्वारा बुधवार को सुरक्षा गार्डिंग का कार्य कराया गया। मंदिर प्रांगण के ऊपर लटकते तारों से हर समय किसी अप्रिय घटना का अंदेशा बना रहता था। गर्डिंग वायर लग जाने से अब यदि भविष्य में कभी बिजली का तार टूटता भी है तो वह सीधे जमीन या श्रद्धालुओं पर न गिरकर गर्डिंग वायर पर ही अटक जाएगा।इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के जान-माल के खतरे को काफी हद तक टाल दिया गया है। गौरतलब है कि सावन के प्रत्येक सोमवार को जरहा के अजीरेश्वर महादेव मंदिर में जल चढ़ाने और दर्शन-पूजन के लिए सैकड़ों कांवड़ियों और दूर-दराज से आने वाले भक्तों का भारी जमावड़ा रहता है। मेले के दौरान भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम बेहद जरूरी थे। इस संदर्भ में बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी शिवम गुप्ता ने बताया कि सावन मेले के दृष्टिगत और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह गार्डिंग वायर लगवाया गया है। समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और इस संवेदनशील पहल के लिए क्षेत्र की जनता एवं श्रद्धालुओं ने उपखंड अधिकारी शिवम गुप्ता और बिजली विभाग की टीम की जमकर सराहना की है।
Author: Pramod Gupta
Hello









