October 10, 2026 4:02 am

आइजीआरएस पर झूठी आख्या रिपोर्ट से निस्तारण: प्रधान ने डीएम से की शिकायत, लेखपाल पर अतिक्रमण कराने का आरोप

– लेखपाल पर भ्रामक रिपोर्ट देने का आरोप, तालाब, सार्वजनिक स्थल व दुर्गा पूजा मंच की भूमि खाली कराने की मांग

सोनभद्र। विकास खंड चतरा के पन्नूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़रीकला के ग्राम प्रधान विजय कुमार ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर हुए कथित अवैध अतिक्रमण को हटवाने तथा संबंधित लेखपाल के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि ग्राम की सरकारी भूमि, जिस पर तालाब, सार्वजनिक स्थल, उचित दर की दुकान, आरआरसी सेंटर तथा दुर्गा पूजा मंच स्थित है, उस पर ग्राम निवासी सुरेश पुत्र बचऊ ने क्षेत्रीय लेखपाल सुजाता सिंह के संरक्षण में कई माह से कब्जा कर रखा है। उनका कहना है कि इसी स्थान पर प्रतिवर्ष दुर्गा माता की प्रतिमा स्थापित कर ग्रामीण पूजा-अर्चना करते हैं और आगामी नवरात्रि को देखते हुए यह अतिक्रमण गंभीर चिंता का विषय है। प्रधान ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने 1 अप्रैल 2026 को आईजीआरएस पोर्टल (शिकायत संख्या- 92620000008613) के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि राजस्व विभाग ने बिना स्थलीय निरीक्षण किए पुरानी तस्वीरें संलग्न कर यह रिपोर्ट लगा दी कि मौके पर कोई अतिक्रमण नहीं है, जबकि वास्तविकता में कब्जा आज भी बरकरार है। ग्राम प्रधान का कहना है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के कारण क्षेत्र में गंदगी फैल रही है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा भ्रामक रिपोर्ट प्रस्तुत कर शासन-प्रशासन को गुमराह करने वाले संबंधित लेखपाल के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!