– रॉबर्ट्सगंज पुलिस की कार्रवाई, मीरजापुर निवासी आरोपी को भेजा गया जेल
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का सफल अनावरण करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार बायपास रोड निवासी अरविन्द कुमार केशरी ने तहरीर देकर बताया था कि उनकी काले रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या UP64 AD 9398) 19 जुलाई 2026 को शीतला चौक स्थित दुकान के सामने से चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर थाना रॉबर्ट्सगंज में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान शीतला चौक पुलिस बूथ पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए नागेश्वर पाण्डेय उर्फ दल्लू (35 वर्ष) निवासी मेढ़रा, थाना लालगंज, जनपद मीरजापुर की पहचान की और 28 जुलाई को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घोरावल रोड स्थित कम्हारी गांव के पास हनुमत सोलर सेल की दुकान के समीप से चोरी गई सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली। बरामदगी के बाद मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सोनभद्र भेज दिया गया। गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी कस्बा उपनिरीक्षक विष्णु प्रभा सिंह एवं थाना रॉबर्ट्सगंज की पुलिस टीम शामिल रही।
Author: Pramod Gupta
Hello









