सोनभद्र। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम नौडिहा, थाना कोन में होने वाले एक बाल विवाह को समय रहते रोक दिया गया। सूचना मिलते ही परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह के निर्देशन में चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम को मौके पर भेजा गया। वन स्टॉप सेंटर, सोनभद्र की केस वर्कर अनुराधा जायसवाल एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के केस वर्कर रविन्द्र की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बालिका एवं बालक का रेस्क्यू किया। जांच के दौरान दोनों नाबालिग पाए गए, जिसके बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की गई। बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के निर्देश पर बालिका को रात्रि संरक्षण के लिए बाल गृह (बालिका) में आवासित कराया गया है। वहीं बालक को चाइल्ड हेल्पलाइन के अस्थायी संरक्षण में रखा गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित नियमों के अनुसार की जा रही है। चाइल्ड हेल्पलाइन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल विवाह, बाल शोषण या बच्चों के अधिकारों के उल्लंघन से संबंधित कोई सूचना मिले तो तत्काल 1098 पर संपर्क करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
Author: Pramod Gupta
Hello









