October 10, 2026 5:10 am

श्रावण मास से पहले प्रशासन अलर्ट, विजयगढ़ दुर्ग व रामसरोवर का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

सोनभद्र। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को ऐतिहासिक विजयगढ़ दुर्ग एवं रामसरोवर का स्थलीय निरीक्षण कर कांवड़िया श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को विजयगढ़ दुर्ग तक जाने वाली सीढ़ियों के ऊपर स्थित प्रवेश द्वार की आवश्यक मरम्मत शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को विजयगढ़ दुर्ग की सीढ़ियों से रामसरोवर तक पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा। वहीं अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को रामसरोवर से जल भरकर लौटने वाले लगभग पांच किलोमीटर लंबे कांवड़ मार्ग पर प्राथमिकता के आधार पर समुचित प्रकाश व्यवस्था कराने के निर्देश दिए, ताकि रात्रिकाल में भी श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि रामसरोवर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। प्रमुख स्थलों एवं मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को विजयगढ़ दुर्ग, रामसरोवर एवं संपूर्ण कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी, संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी, रात्रिकालीन गश्त तथा प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था ऐसी हो कि प्रत्येक श्रद्धालु स्वयं को सुरक्षित महसूस करे और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं निर्बाध रूप से संपन्न हो। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बगीश कुमार शुक्ल, जिला पंचायत राज अधिकारी नमित शरण, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, पुलिस एवं प्रशासनिक विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!