October 10, 2026 5:09 am

सर्राफा व्यापारी लूटकांड का खुलासा, मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, दो गिरफ्तार

सोनभद्र। बभनी (नरेश गुप्ता) बभनी थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए मुठभेड़ के बाद दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट की नकदी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में दो अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 को चपकी गांव निवासी सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार रघुनाथनगर (छत्तीसगढ़) के साप्ताहिक बाजार से आभूषण बेचकर लौट रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे शीशटोला जंगल में बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर चाकू से हमला किया और सोने-चांदी के आभूषणों तथा लगभग ₹40 हजार नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में बभनी थाने में अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई। बभनी और म्योरपुर पुलिस की संयुक्त टीम लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी रही। शनिवार तड़के करीब 3:27 बजे मुखबिर की सूचना पर शीशटोला जंगल में वाहन चेकिंग के दौरान रघुनाथनगर की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों आरोपित भागने लगे, लेकिन मगरमाड़ तिराहे के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। घेराबंदी के दौरान आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रमेश साकेत (34) निवासी थाना बरगवां, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मनोज साकेत (30) निवासी बड़ोखर, थाना बरगवां को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपितों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर सर्राफा व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि वारदात से पहले रेकी की गई थी और लूट की रकम चारों आरोपितों में बराबर बांटी गई थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल तथा ₹12,200 नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपितों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमे की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों पर मध्य प्रदेश के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, हत्या, आर्म्स एक्ट एवं अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। फरार दो अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!