October 10, 2026 5:09 am

पूर्व सांसद ने नितिन गडकरी से की मुलाकात, सोनभद्र की सड़क परियोजनाओं को लेकर रखीं प्रमुख मांगें

सोनभद्र। पूर्व सांसद नरेंद्र सिंह कुशवाहा ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार मुलाकात कर सोनभद्र जनपद से जुड़ी विभिन्न सड़क एवं राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने प्रयागराज से सोनभद्र तक प्रस्तावित हाईवे परियोजना को स्वीकृति मिलने पर केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए जनपद के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव उनके समक्ष रखे। पूर्व सांसद ने कहा कि प्रयागराज-सोनभद्र हाईवे परियोजना क्षेत्र के विकास, व्यापारिक गतिविधियों और आवागमन को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी देने के लिए केंद्र सरकार एवं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का धन्यवाद ज्ञापित किया। मुलाकात के दौरान उन्होंने राबर्ट्सगंज, पन्नूगंज तथा चोपन में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में रेलवे फाटक के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है। ओवरब्रिज बनने से यातायात सुगम होगा और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। पूर्व सांसद ने चोपन-जुगैल से चितरंगी मार्ग के चौड़ीकरण एवं इसे राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित किए जाने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि यह उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, जिस पर लगातार यातायात बढ़ रहा है। इसके चौड़ीकरण से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।इसके अलावा उन्होंने टोल प्लाजा से जुड़ी स्थानीय समस्याओं से भी केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया और स्थानीय लोगों को हो रही असुविधाओं के समाधान की मांग की। साथ ही पटवध (पटवा) से बासुहारी मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में स्वीकृत किए जाने का अनुरोध किया। उनका कहना था कि इस मार्ग के विकसित होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा तथा कृषि, उद्योग और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। पूर्व सांसद के अनुसार केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुलाकात के बाद नरेंद्र सिंह कुशवाहा ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से सोनभद्र में सड़क अवसंरचना के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा लंबे समय से लंबित मांगों का शीघ्र समाधान होगा।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!