सोनभद्र। दिल्ली के जंतर-मंतर पर रोजगार एवं भर्ती की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों, युवाओं और छात्राओं पर दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने रॉबर्ट्सगंज के बढ़ौली चौराहे पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार एवं दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी मांगों को शांतिपूर्ण ढंग से रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग उचित नहीं है। जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने कहा कि छात्रों और युवाओं के रोजगार एवं शिक्षा से जुड़े मुद्दों को दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों की आवाज को बल प्रयोग से दबाया गया तो आम आदमी पार्टी उनके समर्थन में लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “तानाशाही नहीं चलेगी”, “छात्र एकता जिंदाबाद” और “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाए। इस अवसर पर वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष केवल सिंह, जिला महासचिव अनवर अली अंसारी, जिला सचिव घमड़ी सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी, अशोक कुमार गुप्ता, वरिष्ठ कार्यकर्ता समीर खान, नागेंद्र कुमार मौर्य सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









