October 10, 2026 5:09 am

डीएम के निर्देश पर आरओबी के पास वैकल्पिक मार्ग निर्माण शुरू, गुरुवार तक पूरा होगा कार्य

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर रामगढ़ रोड स्थित निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के समीप आमजन एवं वाहनों के आवागमन में हो रही असुविधा के समाधान के लिए तहसीलदार सदर अमित सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए निर्माण एजेंसी के साथ विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि रेलवे स्टेशन के मुख्य मार्ग से 100 मीटर लंबा एवं 5 मीटर चौड़ा वैकल्पिक लिंक मार्ग तत्काल तैयार कराया जाएगा। निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने बताया कि गुरुवार तक लिंक मार्ग का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। यह भी तय किया गया कि जब तक वैकल्पिक मार्ग तैयार नहीं हो जाता, तब तक रेलवे ओवरब्रिज के पूर्वी हिस्से में कोई निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा, ताकि आमजन के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। लिंक मार्ग तैयार होने तक इस मार्ग से केवल दोपहिया एवं चारपहिया हल्के वाहनों के आवागमन की अनुमति रहेगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल स्थलीय निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि लिंक मार्ग बनने के बाद दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन अधिक सुगम होगा तथा स्थानीय नागरिकों को लंबे समय से हो रही परेशानी से राहत मिलेगी।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!