सोनभद्र (दुद्धी) तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता नवागत उपजिलाधिकारी रवि कुमार ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 65 जनशिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेज दिया गया। समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनने के बाद एसडीएम रवि कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों की जांच करें और एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर उसकी संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी, तहसीलदार अंजनी गुप्ता, नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी राम विशाल चौरसिया ,एसडीओ विद्युत तीर्थराज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









