सोनभद्र। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भइया’ के निर्देश पर शनिवार को जनपद में युवा प्रकोष्ठ एवं किसान प्रकोष्ठ की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सर्किट हाउस (पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस) में आयोजित बैठक में संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पार्टी को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने तथा जनसमस्याओं को लेकर आमजन के बीच सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सफलता का आधार है और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही पार्टी की नीतियों एवं विचारों को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ बलबीर सिंह ‘शिवाजी’ ने कार्यकर्ताओं से संगठन के विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को समन्वय और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। बैठक में जिला अध्यक्ष हरदेव सिंह, युवा जिला अध्यक्ष विवेक प्रताप सिंह, किसान प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सर्वेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं जनहित के मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
Author: Pramod Gupta
Hello









