सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के पापी गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 90 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह सड़क पार कर पास की दुकान पर सामान लेने जा रही थीं। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतका की पहचान अमौली ग्राम पंचायत के राजस्व गांव पापी निवासी फुलझरी उम्र 90 वर्ष पत्नी स्वर्गीय लोचन के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक को रोककर चालक सहित वाहन को पुलिस के हवाले कर दिया।सूचना पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव के पास वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने, स्पीड ब्रेकर और अन्य सड़क सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Pramod Gupta
Hello









