October 10, 2026 5:09 am

फलदार पौधों का वितरण, जंगल बचाने को ग्रामीणों का प्रदर्शन

सोनभद्र। नगवा ब्लॉक की रायपुर ग्राम पंचायत में रविवार को ‘पेड़ है तो प्राण है’ अभियान के तहत ग्रामीणों को फलदार पौधों का वितरण किया गया। इसके साथ ही किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर पर्यावरण संरक्षण एवं विस्थापन के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि सोनभद्र के जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों को किसी भी कीमत पर नष्ट नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित विकास कार्यों के नाम पर आदिवासी परिवारों को विस्थापित कर जंगलों की कटाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि उद्योग स्थापित करने हैं तो ऐसी जगह लगाए जाएं, जहां लोगों को विस्थापित न होना पड़े और पेड़ों की कटाई भी न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार को जनसहयोगी नीति अपनानी चाहिए, न कि जनउत्पीड़न का रवैया। निलेश सिंह राजपूत ने कहा कि ग्रामीण अपने जंगलों की रक्षा के लिए हरसंभव संघर्ष करेंगे और जंगलों की कटाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।ग्रामीण बबलू पटेल ने किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में खाद की उपलब्धता गंभीर समस्या बनी हुई है और किसान परेशान हैं। उन्होंने व्यवस्था में सुधार की मांग की। कार्यक्रम में विजयमल खरवार, दहीकुंडल प्रजापति, बाबूलाल मौर्य, विजय पटेल, दिनेश मौर्य, शत्रुधन बिंद, आकाश चौहान, दिनेश चेरो, सुरेश मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!